थाईलैंड में संसद भंग, प्रधानमंत्री ने किया जल्द चुनाव करवाने का ऐलान
संविधान में बदलाव को लेकर सत्ता और विपक्ष में तनाव

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि/ थाईलैंड में प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने संसद भंग कर दी है और जल्दी चुनाव कराने का ऐलान किया है। चुनाव होने तक अनुतिन अस्थायी प्रधानमंत्री के रूप में काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे “जनता को सत्ता वापस लौटा रहे हैं”। राजा महा वजिरालोंगकोर्न ने शुक्रवार को संसद भंग करने के आदेश को मंजूरी दे दी। अब कानून के अनुसार 45 से 60 दिन के अंदर चुनाव कराने होंगे।
सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सत्ता गठबंधन और सबसे बड़े विपक्षी दल पीपुल्स पार्टी के बीच झगड़ा हो गया था। विपक्ष संविधान बदलने और जनमत संग्रह की मांग कर रहा था, लेकिन सत्ता पक्ष ने वादा पूरा नहीं किया। इसलिए संसद में काम पूरी तरह रुक गया था!
इस बीच थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर चार दिनों से संघर्ष जारी है। दोनों तरफ 20 लोग मारे गए हैं और करीब 200 घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री अनुतिन ने कहा कि संसद भंग करने से सीमा पर सैन्य कार्रवाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा, सेना अपना काम जारी रखेगी।
थाईलैंड की अर्थव्यवस्था पहले से ही कमजोर चल रही है। अब राजनीतिक अस्थिरता और बढ़ गई है।





