5 रुपये के एक विशेष नोट के बदले 17 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 3.65 लाख रुपये ऐंठे
ठगी का एहसास होने पर आत्महत्या करने पहुंचा युवक

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को 5 रुपये के एक विशेष नोट के बदले 17 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उससे 3.65 लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.24 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि ब्यावरा तहसील के ग्राम आलमपुर निवासी अनिल राजपूत के पास 5 रुपये का एक विशेष नोट था, जिस पर ट्रैक्टर का चित्र बना हुआ था। फेसबुक के जरिए संपर्क करने वाले आरोपी ने दावा किया कि इस नोट की कीमत 17 लाख रुपये है और वह इसकी बिक्री करवा देगा। जब अनिल राजपूत को पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है और उसकी जमा पूंजी ठग ली गई है, तो वह मानसिक रूप से टूट गया। वह आत्महत्या करने के इरादे से घटनास्थल तक पहुंच गया, लेकिन उसी दौरान ग्राम आलमपुर निवासी बलवंत सिंह सौंधिया ने समय रहते उसे समझाया और यह कदम उठाने से रोक लिया। इसके बाद वह उसे अपने साथ ब्यावरा शहर थाने लेकर पहुंचे, जहां पीड़ित ने पूरी घटना पुलिस को बताई। शिकायत मिलने के बाद ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की। पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।





