Tata Motors की अक्टूबर बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड; पहली बार पार हुआ 75,000 कारों का आंकड़ा

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अक्टूबर 2026 में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री दर्ज कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों को मिलाकर कुल 75,426 पैसेंजर गाड़ियां बेची हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 23.05 प्रतिशत की शानदार सालाना वृद्धि को दर्शाता है। यह पहला मौका है जब टाटा मोटर्स ने एक महीने के भीतर 75,000 यूनिट की बिक्री के आंकड़े को पार किया है।
Punch.ev ने रचा इतिहास
इलेक्ट्रिक वाहन वर्ग में कंपनी की कॉम्पैक्ट एसयूवी Punch.ev ने नया इतिहास रच दिया है। अक्टूबर 2026 में इस इलेक्ट्रिक गाड़ी की मासिक बिक्री ने पहली बार 5,000 यूनिट का आंकड़ा पार किया है, जिसके साथ ही यह देश की पहली ऐसी स्टैंडअलोन इलेक्ट्रिक कार बन गई है जिसने एक महीने में इतनी बड़ी संख्या में बिक्री दर्ज की हो।
कंपनी का सालाना आंकड़ा
कंपनी के सालाना आंकड़ों की बात करें तो अक्टूबर 2026 में टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री 73,894 यूनिट रही है, जो पिछले साल अक्टूबर 2025 की 61,134 यूनिट की तुलना में 20.87 प्रतिशत ज्यादा है।
वहीं कुल इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में 74.93 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो 9,286 यूनिट से उछलकर सीधे 16,244 यूनिट पर पहुंच गई है।
इस दौरान सबसे बड़ा उछाल गाड़ियों के निर्यात में देखा गया है, जहां सालाना आधार पर 851.55 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कुल 1,532 यूनिट्स का एक्सपोर्ट किया गया है, जबकि पिछले साल इसी महीने यह संख्या महज 161 यूनिट थी।





