1 जादुई ट्रिक से चुटकी में निकालें लहसुन का छिलका, अब घंटों का काम मिनटों में

लहसुन भारतीय रसोई का वो स्वाद है, जिसके बिना खाने की कल्पना अधूरी लगती है। दाल हो, सब्जी हो या चटनी लहसुन हर डिश में जान डाल देता है। लेकिन जैसे ही इसे छीलने की बारी आती है, ज्यादातर लोग आलस महसूस करने लगते हैं।
छिलका चिपक जाता है, उंगलियां गंदी हो जाती हैं और हाथों से तेज बदबू आने लगती है। यही वजह है कि कई लोग लहसुन कम इस्तेमाल करने लगते हैं।
अगर आप भी लहसुन छीलने की झंझट से परेशान हैं, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपको बता रहे हैं कुछ बेहद आसान और कारगर ट्रिक्स, जिनकी मदद से आप मिनटों में ढेर सारा लहसुन छील सकते हैं।
1. गर्म पानी की आसान ट्रिक
अगर आपको एक साथ ज्यादा मात्रा में लहसुन छीलना है, तो यह तरीका सबसे बेस्ट है। सबसे पहले लहसुन की गांठ से कलियां अलग कर लें। अब एक बड़े बर्तन में गर्म (उबलता नहीं) पानी लें और उसमें कलियां 5 से 10 मिनट तक भिगो दें।
इसके बाद पानी से निकालकर हल्का सा हाथ से मसलें। छिलका अपने आप ढीला होकर उतर जाएगा। अगर जल्दी हो, तो पानी में थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिला सकते हैं इससे छिलका और तेजी से अलग होता है।
2. चाकू से क्रश करने का क्लासिक तरीका
जब आपको सिर्फ तड़के या सब्जी के लिए थोड़ा लहसुन चाहिए, तो यह सबसे तेज तरीका है। लहसुन की कली को चॉपिंग बोर्ड पर रखें और चाकू के फ्लैट हिस्से से हल्का दबाव दें।
जैसे ही ‘कड़क’ की आवाज आए, समझ जाएं कि छिलका ढीला हो गया है। अब इसे आसानी से उतार सकते हैं। प्रोफेशनल शेफ भी यही तरीका अपनाते हैं।
3. दो कटोरे या जार वाला शेक तरीका
यह ट्रिक खासतौर पर ज्यादा लहसुन छीलने के लिए बेहद असरदार है। लहसुन की कलियों को एक बड़े स्टील के कटोरे या जार में डालें और ऊपर से ढक्कन या दूसरा कटोरा अच्छी तरह बंद कर दें। अब 20 से 40 सेकंड तक जोर-जोर से हिलाएं। खोलते ही आप देखेंगे कि छिलके अलग हो चुके हैं और साफ कलियां बाहर आ जाएंगी।
4. माइक्रोवेव की स्मार्ट ट्रिक
अगर आपके पास माइक्रोवेव है, तो यह तरीका सबसे फास्ट है। लहसुन की कलियों को माइक्रोवेव-सेफ बाउल में रखें और 15-20 सेकंड तक हाई पावर पर चलाएं। गर्मी से छिलका फूल जाता है और आसानी से निकल जाता है। बस ध्यान रखें कि कलियां गर्म होंगी, इसलिए सावधानी से हाथ लगाएं।
इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप न सिर्फ समय बचा सकते हैं, बल्कि बिना गंदे हाथ और बदबू के आराम से लहसुन छील सकते हैं। अब महंगे किचन गैजेट्स की जरूरत नहीं बस सही तरीका अपनाइए और कुकिंग को बनाइए और भी आसान।





