hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
मनोरंजन

करोड़ों चेहरों पर मुस्कान लाने वाले Rajpal Yadav क्यों है जेल में बंद, जानिए 9 करोड़ कर्ज की Inside Story

जिस कलाकार ने भूल भुलैया, हंगामा, चुप चुप के और ढोल जैसी फिल्मों से करोड़ों चेहरों पर मुस्कान बिखेरी, आज वही कॉमेडियन सलाखों के पीछे है।

हम बात कर रहे हैं राजपाल यादव की, जो 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस मामले में इस वक्त तिहाड़ जेल में बंद हैं। सवाल सिर्फ कर्ज का नहीं है, सवाल ये भी है कि 27 साल इंडस्ट्री को देने वाला कलाकार आज इतना अकेला क्यों है?

कैसे शुरू हुआ 9 करोड़ के दलदल का सफर?

राजपाल यादव की मुश्किलों की जड़ करीब 16 साल पुरानी है। साल 2010 में उन्होंने निर्देशन में कदम रखने का फैसला किया। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ थी, जो 2012 में रिलीज हुई। इस फिल्म के लिए उन्होंने दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया।

राजपाल उस वक्त एक स्थापित अभिनेता थे और उन्हें भरोसा था कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

वही फिल्म बनी सबसे बड़ी वजह

अता पता लापता को राजपाल यादव ने खुद डायरेक्ट किया, प्रोड्यूस किया और लीड रोल भी निभाया। फिल्म में असरानी, ओम पुरी, शरत सक्सेना, विजय राज, मनोज जोशी और आशुतोष राणा जैसे दिग्गज कलाकार थे।

हालांकि, करीब 11 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म भारत में सिर्फ 34 लाख और वर्ल्डवाइड करीब 42 लाख रुपये ही कमा सकी। यही फ्लॉप राजपाल यादव के लिए भारी पड़ गई।

कर्ज, चेक बाउंस और जेल

फिल्म के फ्लॉप होते ही राजपाल कर्ज चुकाने में असमर्थ हो गए। लोन चुकाने के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए और मामला कोर्ट तक पहुंच गया।

साल 2013 में उन्हें पहली बार जेल जाना पड़ा। इसके बाद 2018 में दिल्ली की एक अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा यादव को चेक बाउंस के 7 मामलों में दोषी ठहराते हुए 6 महीने की सजा सुनाई।

2019 में सेशन कोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा। हालांकि अदालत ने उन्हें सुधार का मौका देते हुए सजा को कुछ शर्तों पर निलंबित भी किया।

राहत मिली, लेकिन मुश्किलें खत्म नहीं हुईं

राजपाल यादव ने कोर्ट से समय मांगा और भरोसा दिलाया कि वह बकाया रकम चुका देंगे। जून 2024 में दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी सजा अस्थायी रूप से निलंबित करते हुए करीब 9 करोड़ रुपये चुकाने का निर्देश दिया।

हालांकि, वह लगातार रकम चुकाने में असफल रहे। अक्टूबर 2025 तक उन्होंने लगभग 75 लाख रुपये जमा किए, लेकिन ब्याज और जुर्माने के साथ बकाया राशि अब भी करीब 9 करोड़ बनी रही।

आखिरी मोहलत भी हुई खत्म

4 फरवरी 2026 को कोर्ट ने फंड जुटाने के लिए मांगी गई आखिरी मोहलत को भी खारिज कर दिया। अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘सेलिब्रिटी स्टेटस के नाम पर हर बार नरमी नहीं बरती जा सकती।’

इसके बाद राजपाल यादव को सरेंडर करने का आदेश दिया गया और 5 फरवरी 2026 को उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया।

जेल जाने से पहले टूटे राजपाल

जेल जाने से पहले राजपाल यादव का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, ‘सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं… यहां सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं है।’

यह बयान बॉलीवुड की उस कड़वी सच्चाई को दिखाता है, जहां शोहरत रहते तक तालियां मिलती हैं, लेकिन मुश्किल वक्त में साथ कम ही लोग देते हैं।

27 साल के करियर में करीब 125 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके राजपाल यादव आज 9 करोड़ के कर्ज में डूबे हैं। सवाल उठता है कि क्या वाकई इतनी बड़ी इंडस्ट्री में कोई ऐसा नहीं जो उनका हाथ थाम सके?

हाल ही में सोनू सूद ने राजपाल की मदद का हाथ बढ़ाया और गुरमीत चौधरी ने भी इंडस्ट्री से साथ आने की अपील की। लेकिन इसके अलावा ज्यादातर बॉलीवुड खामोश नजर आया।

उम्मीद अभी बाकी है

सलमान खान, अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम कर चुके राजपाल यादव ने हमेशा दूसरों को हंसाया। आज वही कलाकार खुद दर्द में है।

उम्मीद की जा रही है कि राजपाल यादव जल्द इस संकट से बाहर निकलें, बकाया राशि चुकाएं और फिर से उसी अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करें, जिसके लिए उन्हें जाना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × 4 =

Back to top button