प्रोडक्ट लगाने पर जलन, खुजली या रेडनेस दिखना ; त्वचा देती है ये 5 चेतावनी संकेत

खूबसूरत और चमकती त्वचा पाने के लिए लोग अक्सर महंगे क्रीम, सीरम और फेस वॉश का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कई बार सही जानकारी के बिना अपनाया गया स्किनकेयर रूटीन त्वचा को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान पहुंचाने लगता है। हर प्रोडक्ट हर स्किन टाइप के लिए उपयुक्त नहीं होता।
अगर इस्तेमाल किए जा रहे उत्पाद आपकी त्वचा के अनुकूल नहीं हैं, तो त्वचा कुछ संकेतों के जरिए इसका इशारा करने लगती है। इन संकेतों को समय रहते समझना जरूरी है, ताकि त्वचा को नुकसान से बचाया जा सके।
चेहरे पर अचानक ब्रेकआउट्स
अगर नए स्किनकेयर प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल के बाद चेहरे पर छोटे-छोटे दाने या मुंहासे निकलने लगते हैं, तो यह संकेत हो सकता है कि प्रोडक्ट आपकी त्वचा को सूट नहीं कर रहा। कई बार हैवी क्रीम या ऑयल-बेस्ड क्लींजर त्वचा के पोर्स को बंद कर देते हैं, जिससे ब्रेकआउट्स की समस्या बढ़ जाती है।
त्वचा में खिंचाव और ड्राईनेस
चेहरा धोने के तुरंत बाद यदि त्वचा में खिंचाव या अत्यधिक रूखापन महसूस हो, तो यह संकेत है कि आपका फेस वॉश या क्लींजर बहुत ज्यादा हार्ष है। ऐसे प्रोडक्ट्स त्वचा के प्राकृतिक तेल को खत्म कर देते हैं, जिससे स्किन बैरियर कमजोर हो सकता है।
जलन, खुजली या रेडनेस
किसी प्रोडक्ट को लगाने के बाद चेहरे पर जलन, खुजली या लालिमा दिखाई दे, तो यह एलर्जिक रिएक्शन का संकेत हो सकता है। अधिक खुशबू वाले या ज्यादा एक्टिव इंग्रीडिएंट्स वाले प्रोडक्ट्स कई बार त्वचा को सेंसिटिव बना देते हैं।
चेहरे का अधिक ऑयली हो जाना
अगर त्वचा अचानक बहुत ज्यादा ऑयल रिलीज करने लगे, तो यह भी गलत स्किनकेयर रूटीन का संकेत हो सकता है। ज्यादा ड्राइंग प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने से त्वचा में हाइड्रेशन की कमी हो जाती है और ऑयल ग्लैंड्स ज्यादा तेल बनाने लगते हैं।
असमान रंगत और डलनेस
यदि लंबे समय तक स्किनकेयर रूटीन अपनाने के बावजूद चेहरा बेजान और डल नजर आने लगे, तो संभव है कि एक्सफोलिएशन सही तरीके से नहीं हो रहा। जरूरत से ज्यादा स्क्रबिंग या गलत केमिकल पील्स त्वचा की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।





