राष्ट्र आजकल/न्यूज डेस्क
IPL 2022 का 29 मई को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 10 टीमों में करीब 204 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें से 137 भारतीय खिलाड़ी थे। इन 137 खिलाड़ियों में मध्य प्रदेश के पांच खिलाड़ी भी आईपीएल 2022 का हिस्सा रहे, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुर्खियां बटोरी। आइए आपको मध्य प्रदेश के उन पांच खिलाड़ियों से मिलवाते हैं।
आवेश खान
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जन्में आवेश खान आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक थे। आवेश का जन्म 13 दिसंबर 1996 को इंदौर में जन्में आवेश ने 14 अप्रैल 2017 को इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से आईपीएल में इंट्री की थी। 5 फरवरी 2018 को उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की ओर से लिस्ट-ए क्रिकेट में पदार्पण किया।
कुलदीप सेन
आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी कुलदीप सेन मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं। कुलदीप का जन्म रीवा के एक छोटे से गांव में हुआ था। उनके पिता बाल काटने का काम करते हैं। कुलदीप ने महज आठ साल की उम्र में क्रिकेट का बैट हाथों में थाम लिया था। कुलदीप बतौर बल्लेबाज अपना करियर बनाना चाहते थे, लेकिन कोच की सलाह पर उन्होंने तेज गेंदबाजी शुरू की। कुलदीप ने जिस एकेडमी में क्रिकेट सीखा, उसने उनकी फीस भी माफ कर दी, ताकि वो अपना सपना पूरा कर सकें।
कुमार कार्तिकेय
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी कुमार कार्तिकेय ने क्रिकेट में करियर बनाने के लिए काफी संघर्ष किया है। आईपीएल 2022 के लिए मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख रुपये के बेस प्राइज पर खरीदा था। यूपी के रहने वाले कुमार कार्तिकेय मध्य प्रदेश के लिए खेलते हैं। क्रिकेट के लिए उनकी दीवानगी का अंदाजा इस बात से ही लग जाता है कि उन्होंने क्रिकेट खेलने के लिए महज 15 साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया था।
रजत पाटीदार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी रजत पाटीदार मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के निवासी हैं। रजत का जन्म एक जून 1993 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। आठ साल की उम्र में उन्होंने क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया था। रजत के दादा ने उन्हें क्रिकेट एकेडमी में भर्ती कराया था। एक गेंदबाज के तौर पर क्रिकेट शुरू करने वाले रजत अंडर-15 के दिनों में बल्लेबाज बन गए। कोच ने उन्हें बल्लेबाजी करने की सलाह दी।
वेंकटेश अय्यर
आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर मध्य प्रदेश के इंदौर से हैं। उनका पूरा नाम वेंकटेश राजशेखर अय्यर है। वेंकटेश एक भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जो अपनी घरेलू क्रिकेट टीम मध्य प्रदेश और आईपीएल क्रिकेट टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।