राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि | जिला अस्पताल सीहोर में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार मांझी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हटाने की मांग की। दरअसल, जिला अस्पताल परिसर में 10 दिवसीय उत्सव के दौरान कर्मचारियों द्वारा गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सिविल सर्जन अशोक कुमार मांझी ने शनिवार को कहा कि बिना किसी अनुमति के अस्पताल परिसर में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा को आज ही विसर्जित कीजिए। इस बात को लेकर हिंदू संगठन काफी नाराज है, जिन्होंने सिविल सर्जन से मुलाकात कर कहा कि प्रतिमा पूरे 10 दिन में ही विसर्जित होगी।