राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 22 सितंबर को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 221 अंक गिरावट के साथ 66,009 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में 68 अंकों की गिरावट है। यह 19,674 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी रही। यह लगातार चौथे कारोबारी दिन शेयर बाजार में गिरावट रही।
होटल और एसेट मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म सैम्ही होटल्स की शेयर बाजार में ठीक ठाक एंट्री हुई है। NSE पर कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस के मुकाबले 6.75% ऊपर 134.50 रुपए पर लिस्ट हुआ है। जबकि BSE पर इसकी लिस्टिंग 3.61% प्रीमियम के साथ 130.55 रुपए पर हुई। इसका इश्यू प्राइस 126 रुपए था।
गिरावट में लिस्ट हुआ जैगल प्रीपेड
जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज लिमिटेड का शेयर गिरावट में लिस्ट हुआ। BSE पर कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस के मुकाबले 1.22% के डिस्काउंट के साथ 162 रुपए पर लिस्ट हुआ। जबकि NSE पर इसकी लिस्टिंग 164 रुपए प्रति शेयर पर हुई। कंपनी ने इस इश्यू का प्राइस बैंड ₹156-₹164 रखा था।
आज सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड और साई सिल्क्स (कलामंदिर) लिमिटेड के IPO बंद होंगे। सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड इस IPO के जरिए ₹730 करोड़ जुटाना चाहती है। वहीं, साई सिल्क्स IPO के जरिए ₹1,201 करोड़ जुटाना चाहती है।
दोनों कंपनियों के IPO 20 सितंबर को ओपन हुए थे। आज शाम 5 बजे तक ही निवेशक दोनों IPO के लिए बिडिंग कर सकते हैं। 4 अक्टूबर को दोनों कंपनियों के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।
कल बाजार में रही बड़ी गिरावट
इससे पहले कल यानी गुरुवार, 21 सितंबर को बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 570 अंक की गिरावट के साथ 66,230 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 159 अंकों की गिरावट रही, यह 19,742 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट और सिर्फ 7 में बढ़त देखने को मिली थी।