पुलिस पर आरोप है कि एमडी ड्रग्स, केमिकल और मशीनों की फर्जी बरामदगी दिखाई
आदेश के बाद डग थाने में बीएनएस की कई धाराओं में केस दर्ज हुआ

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, आगर मालवा। चर्चित एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। राजस्थान की चौमहला कोर्ट ने दो थाना प्रभारी समेत करीब 90 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। आरोप है कि ड्रग्स बरामदगी की कार्रवाई नियमों के खिलाफ और फर्जी थी। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर आरोपित पक्ष ने मामले में न्यायालय में परिवाद लगाया था। जिसमें राजस्थान के झालावाड़ जिले की चौमहला कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए दो थाना प्रभारी समेत करीब 90 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के सख्त आदेश दिए।
आरोप है कि ड्रग्स बरामदगी की पूरी कार्रवाई फर्जी और प्रक्रिया के खिलाफ थी। न्यायालय के इस फैसले के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली, कार्रवाई और जांच के तरीके पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2026 में आगर मालवा कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई का दावा किया था, जिसमें करोड़ों रुपये की एमडी ड्रग, केमिकल और मशीनरी जब्त करने की बात कही गई थी।





