इंदौर लोकायुक्त टीम ने कला भट्ट को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा
शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर की कार्रवाई

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, बदनावर। तहसील क्षेत्र के ग्राम खेरवास में कृषि भूमि के सीमांकन के मामले में रिश्वत मांगने वाली पटवारी को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने मंगलवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपिता पटवारी आवेदक से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ी गई। लोकायुक्त के अनुसार ग्राम खेरवास निवासी किसान सुरेश सिंह पवार ने शिकायत की थी कि उनकी 12 बीघा कृषि भूमि से लगी शासकीय भूमि और सड़क की नपती कर सीमांकन करने के लिए पटवारी कला भट्ट द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त इंदौर ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
इसके बाद महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देश पर ट्रैप दल का गठन किया गया। मंगलवार को कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त टीम ने पटवारी कला भट्ट, हल्का नंबर 7 मूलथान तथा अतिरिक्त प्रभारी हल्का नंबर 9 खेरवास, को आवेदक से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, शैलेन्द्र सिंह परिहार, मनीष माथुर, कृष्णा अहिरवार, कमलेश तिवारी, महिला आरक्षक जान्हवी सेंगर एवं आकांक्षा वर्मा शामिल थे।





