साइबर सेल और थानों ने CEIR पोर्टल से ट्रैकिंग कर खोजे मोबाइल
रियलमी, ओप्पो, वीवो, सैमसंग, वनप्लस समेत कई कंपनियों के मोबाइल

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भिंड। भिंड जिले में गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के लिए चलाए जा रहे “आपरेशन विश्वास” के तहत भिंड पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न राज्यों और जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 325 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 81 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक भिंड सूरज कुमार वर्मा को लगातार गुम हुए मोबाइलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे थे। इस पर उन्होंने एएसपी प्रदीप पटेल को मोबाइल ट्रेस कर बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिले के सभी थानों और साइबर सेल को सीईआइआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रैकिंग और बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, देहात थाना, साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन ट्रेस किए। बरामद मोबाइलों में रियलमी, ओप्पो, वीवो, एमआई, सैमसंग, टेक्नो, इनफिनिक्स, मोटोरोला और वनप्लस जैसी कंपनियों के हैं। मोबाइल मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, केरल, असम और छत्तीसगढ़ से भी बरामद किए गए।





