भोपाल में बंद हुए सड़कों के कट पॉइंट, ब्लैक स्पॉट पर एक्सीडेंट होंगे कम
अब मनमर्जी से नहीं बदल पाएंगे लेन, डिवाइडरों ने रोकी राह

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल की सड़कों पर मौत का कारण बनने वाले खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट्स’ को मिटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और सड़क निर्माण एजेंसियों ने एक नया और सख्त मास्टरप्लान लागू कर दिया है। अब शहर के प्रमुख हादसों वाले रास्तों पर ‘वन-वे ट्रैफिक फॉर्मूला’ चलाया जा रहा है। सड़कों के बीचों-बीच ऊंचे डिवाइडर खड़े कर दोनों तरफ के ट्रैफिक को इस तरह अलग किया जा रहा है कि चाहकर भी कोई अपनी लेन न बदल सके। हालांकि, इस सुरक्षा चक्र ने आम जनता को ‘लंबे सफर’ के नए फेर में डाल दिया है।
ट्रैफिक पुलिस की जांच में सामने आया था कि शहर में ज्यादातर जानलेवा हादसे अचानक लेन बदलने, रॉन्ग साइड आने या अवैध कट पॉइंट से गाड़ी मोड़ने के कारण हो रहे थे। इसी का इलाज करने के लिए नया एक्शन प्लान शुरू हुआ है। फिलहाल लिंक रोड-1 से जुड़े तीन बेहद व्यस्त रास्तों पर डिवाइडर बनाए जा रहे हैं। इनमें तरुण पुष्कर तिराहे से सेकेंड स्टॉप, शिवाजी नगर से परशुराम चौराहा और व्यापम चौराहे से छह नंबर स्टॉप जाने वाला मार्ग शामिल है।





