एक युवक को चोर समझकर खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, नीमच। जिले के एक गांव में एक युवक को चोर समझकर खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान युवक को अपमानित करने के लिए जुते-चप्पल की माला पहनाने और अपशब्द कहने की बात भी सामने आई है। एक परिवार का आरोप है कि युवक चोरी की नियत से घर में घुसा था। वहीं युवक ने दूसरे पक्ष पर अकारण मारपीट करने का आरोप लगाया है। कुकड़ेश्वर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना विगत दिनों कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सेमली ईस्तमुरार की बताई जाती है। ग्राम चिकली के बंजारा समाज के सदस्य श्रवण पुत्र प्रकाश चावड़ा आयु 22 वर्ष को ग्राम सेमली ईस्तमुरार में समाज के ही सेमली ईस्तमुरार के कंवरलाल बंजारा व स्वजनों ने रात के समय घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया। बिजली के खंभे से रस्सी की मदद से बांधकर जूते-चप्पल की माला पहनाकर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए बेरहमी से मारपीट की।
यह घटना रात करीब 2 से सुबह 5 बजे के बीच की बताई जाती है। इस घटना की जानकारी मिलने पर अन्य ग्रामीणों व पुलिस ने युवक को बंधन मुक्त कराया। कुकड़ेश्वर टीआई भीम सिंह सिसौदिया ने बताया कि ग्राम चिकली के श्रवण चावड़ा की शिकायत पर सेमली ईस्तमुरार के कंवरलाल बंजारा व पत्नी कमली बाई सहित अन्य स्वजनों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं सेमली ईस्तमुरार के कंवरलाल बंजारा की शिकायत ग्राम चिकली के श्रवण पुत्र प्रकाश चावड़ा के खिलाफ घर में घुसकर चोरी करने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने के भी दावे किए जा रहे हैं।



