hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़

रामगढ़ महोत्सव देखकर पैदल घर लौट रहे सात किशोरों को ट्रक ने मारी टक्कर

15 वर्षीय विकास अगरिया की मौत, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल  

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि छत्तीसगढ़/अंबिकापुर।अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदयपुर के पास मंगलवार रात हादसा हो गया। रामगढ़ महोत्सव देखकर पैदल घर लौट रहे सात किशोरों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय विकास अगरिया की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूरजपुर जिले के ग्राम महंगई श्रीनगर निवासी विकास अगरिया (15) पिता रिगु अगरिया अपने छह साथियों के साथ मंगलवार को रामगढ़ महोत्सव देखने आया था। उसके साथ मामा छोटेलाल के अलावा ग्राम रामनगर, देवगढ़, खुटिया समेत अन्य गांवों के दिनेश, देवप्रसाद, अंजय, टिलो व एक अन्य किशोर था।

सभी की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच है। महोत्सव देखने के बाद सभी पैदल ही घर लौट रहे थे। इस दौरान तेज बारिश होने के कारण सभी कुछ देर के लिए रास्ते में रुक गए थे बारिश थमने पर वे फिर आगे बढ़े। इसी बीच ग्राम डुमरडीह के पास अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आए ट्रक ने सभी को टक्कर मार दी। सभी सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। किसी का सिर फट गया, किसी का पैर तो किसी का जबड़ा टूट गया।

हादसे के बाद घायलों की चीख सुनकर पास के किराना व्यवसायी ने डायल-112 को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सातों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान विकास अगरिया की मौत हो गई। अन्य छह घायलों का इलाज जारी है।

बुधवार को पुलिस ने मृतक विकास के पिता रिगु अगरिया का बयान लिया। पिता ने बताया कि विकास घर से दोस्तों के साथ रामगढ़ महोत्सव देखने जाने की बात कहकर निकला था। रात में हादसे की सूचना मिली। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और टोल नाकों से जानकारी जुटाई जा रही है। चालक की तलाश जारी है। घायलों में महंगई, रामनगर, खुटिया और देवगढ़ के किशोर शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 − one =

Back to top button