hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
छत्तीसगढ़भिलाई

ग्राहकों से 1.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन कर आरोपी हुए फरार

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ / धमधा। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के माध्यम से महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में 267 महिला ग्राहकों से एक करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की धोखाधड़ी और गबन करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चार जुलाई को सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी संस्था का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के साथ अनुबंध है, जिसके तहत महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराया जाता है। संस्था द्वारा किए गए ऑडिट के दौरान धमधा शाखा में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में पता चला कि शाखा प्रबंधक और कुछ कर्मचारियों ने ग्राहकों से ऋण की किस्त, लोन क्लोजर और अन्य मदों में प्राप्त राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की। संस्था ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने और स्पष्टीकरण देने का अवसर भी दिया, लेकिन किसी ने न तो राशि जमा की और न ही नोटिस का जवाब दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। पुलिस ने साजा निवासी 23 वर्षीय अनिल विश्वकर्मा तथा पाटन निवासी 31 वर्षीय संदीप कुमार खूंटीहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों ने ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्तों एवं लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा करने के बजाय उसका दुरुपयोग किया, जिससे बड़ी संख्या में महिला ग्राहक प्रभावित हुईं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है और जांच के दौरान धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × two =

Back to top button