
मानसून के पूरे देश को कवर करने के बाद कई राज्यों में बारिश जारी है। दिल्ली में लगातार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। तुखमीरपुर में 24 घंटे में 160 मिमी बारिश हुई।
विकास मार्ग, संगम विहार, द्वारका, मुनीरका, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर सड़कें डूब गई। गाजीपुर मंडी और आसपास का इलाका पानी में डूब गया। कार पर पेड़ भी गिरा।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में शुक्रवार को यमुनोत्री हाईवे 100 मीटर बह गया। इससे करीब 1000 यात्री फंसे हैं। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग चट्टानें गिरने से बंद है। हरिद्वार में सड़कों पर 3-4 फीट पानी भर गया।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 30 शहरों में बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में मस्जिद की पुरानी दीवार गिरने से एक ही परिवार के 2 लोगों की जान गई। हरदोई में 2 बहनें नदी में बह गईं। वहीं, बिहार के गोपालगंज में बिजली गिरने से एक की मौत हो गई।
राजस्थान के धौलपुर में बारिश के चलते मकान ढह गया और 6 लोग मलबे में दब गए। राज्य में 6 ट्रेनें कैंसिल हुई हैं। कई ट्रेनें लेट भी हैं।





