ढलान पर खड़े ट्रैक्टर का क्लच दबने से वाहन गड्ढे में पलटा,10 वर्षीय बालक की हुई मौत
परिजन खाद का टोकन लेने गए थे और बच्चा खेल रहा था

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, बैतूल/ चिचोली। थाना क्षेत्र के ग्राम ऊंचागोहान में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के समय उसके स्वजन खाद का टोकन लेने चिचोली गए हुए थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पियूष पिता गोरेलाल वटी (10 वर्ष) निवासी ग्राम ऊंचागोहान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गांव में एक ट्रैक्टर ढलान पर खड़ा था। वहीं पास में हाल ही में मेड़बंदी के लिए बुलडोजर से गड्ढा खोदा गया था।बताया जा रहा है कि पियूष खेलते-खेलते ट्रैक्टर पर चढ़ गया। इसी दौरान ट्रैक्टर का क्लच दब गया, जिससे वाहन ढलान की ओर लुढ़कने लगा।
अनियंत्रित ट्रैक्टर गड्ढे में जाकर पलट गया और उसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल स्वजन व चिचोली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





