
राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि | श्रीगंगानगर के गजसिंहपुर कस्बे में मंगलवार को एक पुलिस अधिकारी की कार ने प्रशिक्षण पर आई चार महिला पटवारियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिला पटवारियां कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। हादसे में दो महिला पटवारियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर किया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने तत्काल वाहन नहीं रोका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने घायलों की मदद करने के बजाय रौब दिखाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने चालक को मौके पर ही रोक लिया।
दुर्घटना के समय कार कोतवाली में पद स्थापित एसआई सुभाष मीणा चला रहे थे। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच गजसिंहपुर पुलिस कर रही है। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। परिवाद मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी तथा संबंधित एसआई के खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दो महिलाएं कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभालकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। पीटीएस प्रशिक्षु गुरनाम बराड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सुनीता रानी और पूजा स्वामी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। इन घायलों को श्रीगंगानगर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, इसमें एक की हालत ज्यादा नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार श्रीगंगानगर कोतवाली में तैनात एसआई सुभाषचंद्र मीणा की है। बताया जा रहा है कि उनकी एएसआई से एसआई पद पर पदोन्नति घटना से करीब 24 घंटे पहले ही हुई थी। वे कथित रूप से किसी जांच के सिलसिले में गजसिंहपुर आए थे। लौटते समय उनकी कार गोल्डन पब्लिक स्कूल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रही महिला पटवारियों से टकरा गई। थाना प्रभारी शालू बिश्नोई ने बताया कि सड़क किनारे चल रही महिला पटवारियों को वाहन की टक्कर लगने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी





