ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी लड़ाई, खरगे के लंच पर कनॉट प्लेस पहुंचे राहुल गांधी

नई दिल्ली। देश में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का आक्रामक रुख जारी है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित ‘मोएट्स रेस्टोरेंट’ में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बुलाई गई विपक्षी सांसदों (INDIA ब्लॉक) की दूसरे दिन की लंच बैठक में सभी प्रमुख घटक दलों के दिग्गज नेता पहुंचे।

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि खड़गे ने कनॉट प्लेस में सभी सांसदों को दोपहर के भोजन के लिए बुलाया है और सभी नेता यहां एकत्र हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहेगा और यह तब तक चलेगा, जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते।
जॉन ब्रिटास बोले- यह लगातार चलने वाला आंदोलन है
माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि यह लगातार चलने वाला आंदोलन है और जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्या ज्ञानेश कुमार अपना इस्तीफा देंगे? हम अपना विरोध जारी रखेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।
इतना बड़ा जन आंदोलन बनेगा कि सरकार हिल जाएगी
राजीव शुक्ला ने कहा कि अब यह विरोध केवल राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि जन आंदोलन में बदल गया है। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन आने वाले समय में इतना बड़ा रूप लेगा कि सरकार हिल जाएगी।




