राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि । पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 26 सितंबर, यानी आज सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें 2 पायलट समेत पाकिस्तानी सेना के 6 अधिकारियों की मौत हो गई। इसकी जानकारी सेना के पब्लिक रिलेशंस डिपार्टमेंट (ISPR) ने ट्वीट कर के दी।
बलूचिस्तान के खोस्त शहर में सेना का हेलीकाप्टर 25 सितंबर की रात को फ्लाइंग मिशन पर जा रहा था। इसी दौरान हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हालांकि, हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। हेलिकॉप्टर में 2 पायलट, 2 कमांडर और 2 मेजर सवार थे। अगस्त में भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। उस दौरान भी 6 अफसरों को मौत हो गई थी।
पाकिस्तान PM ने जताया शोक
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया- बलूचिस्तान में हुई घटना से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ है।
PTI के फवाद चौधरी ने कहा – इंजीनियरिंग डिफेक्ट ढूंढने की जरूरत
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक इन्साफ (PTI) के सीनियर पॉलिटिशियन फवाद चौधरी ने प्लेन क्रैश होने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट में कहा – हेलिकॉप्टर की उड़ान खतरनाक होते जा रही हैं। हमें इंजीनियरिंग डिफेक्ट ढूंढने की जरूरत है।
अगस्त में भी मरे थे 6 आर्मी अफसर
पिछले महीने बलूचिस्तान में हेलिकॉप्टर क्रैश की घटना हुई थी। बलूचिस्तान में बाढ़ राहत कार्यों में लगे पाकिस्तानी सेना के हेलिकॉप्टर का ATC से संपर्क टूट गया था। हादसे के बाद 6 पाकिस्तानी अफसरों के शव बरामद किए गए थे। इनमें लेफ्टिनेंट जनरल सरफराज अली भी मारे गए थे। उस समय पाकिस्तानी सेना ने क्रैश की वजह खराब मौसम बताई थी।
बलूचिस्तान में बाढ़ से निपटने के लिए पाक आर्मी लगातार राहत बचाव करने में जुटी है। पाकिस्तान एयरफोर्स बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राशन पहुंचा रही है। फैल रही बीमारियों से बचने के लिए हेल्थ कैंप लगाए जा रहे हैं। बलूचिस्तान के साथ पाकिस्तान के 23 शहरों में बाढ़ आई थी।
पाकिस्तान सरकार के मुताबिक 3.3 करोड़ लोग बाढ़ से प्रभावित हुए है। इस साल जून में पाकिस्तान के कई इलाकों में भारी बारिश हुई थी। करीब 6 हफ्ते चली बाढ़ की वजह से लोगों की फसलें नष्ट हो गई है। पाकिस्तान सरकार के मुताबिक बलूचिस्तान में बाढ़ की वजह से अभी तक 322 लोग और करीब 5 लाख मवेशियों की मौत हो चुकी है। बलूचिस्तान में पिछले 24 घंटो में बाढ़ की वजह से हुई बीमारियों के 3963 मामले सामने आए है। पाकिस्तान में हेल्थ केयर क्राइसिस बना हुआ है।