Bengaluru: पीछे से आए शख़्स ने बच्चे को मारी फुटबॉल की तरह लात, CCTV में हुआ रिकॉर्ड

सड़क पर खेल रहे बच्चे को लात मारने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, अदालत ने उसे जमानत दे दी। उसके माता-पिता ने शख्स के मानसिक रूप से बीमार होने का दावा किया है। पुलिस को शख्स की ओर से कुछ लड़कियों के यौन उत्पीड़न करने के भी वीडियो मिले हैं।
कर्नाटक के बंगलूरू से एक शख्स की हैवानियत का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नजर आता है कि एक छोटा बच्चा घर के बाहर खेल रहा है। इसी दौरान बगल के घर से निकला एक शख्स आकर बच्चे को पीछे से फुटबॉल की तरह लात मार देता है।
मामले का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद बंगलूरू पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। बच्चे के परिवार ने आरोप लगाया है कि शख्स पहले भी बच्चों पर इसी तरह के हमले करता रहा है। पुलिस के मुताबिक बंगलूरू में अपनी नानी के घर के पास एक पांच वर्षीय बच्चा खेल रहा था। इसी दौरान एक आदमी पीछे से आया और अचानक उसे ‘फुटबॉल की तरह’ लात मार दी। यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बच्चे की मां ने बताया कि यह घटना 14 दिसंबर को त्यागराजनगर इलाके में घटी। मां ने कहा कि मेरा पांच साल का बच्चा सड़क के किनारे और बच्चों के साथ खेल रहा था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति ने अचानक बच्चे को पीछे से लात मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। घटना के तुरंत बाद बच्चा जमीन पर गिरा हुआ दिखाई देता है, जबकि वह शख्स वहां से चला जाता है।
बच्चे की मां दीपिका ने आरोप लगाया है कि उस व्यक्ति ने इलाके के अन्य बच्चों पर भी हमला किया था। उन्होंने आगे बताया कि वह व्यक्ति जिम ट्रेनर बताया जा रहा है, लेकिन उसके बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि शख्स घर से निकलता है और अचानक दौड़कर बच्चे को पीछे से लात मार देता है। बच्चे की मां ने बताया कि हमने पुलिस को बुलाया और उन्होंने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में हमने सीसीटीवी फुटेज देखी। फुटेज देखने के बाद हमें पता चला कि उसने दूसरे बच्चों को भी मारा था।
उन्होंने बताया कि उनके बेटे को हाथों-पैरों और भौंह के पास चोटें आई हैं। इस मामले पर बोलते हुए डीसीपी नॉर्थ ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने मानसिक बीमारी के इलाज के लिए अदालत से इजाजत ले ली है। आरोपी के माता-पिता ने दावा किया है कि हमला करने वाला शख्स मानसिक बीमारी से पीड़ित होने के चलते इलाज के लिए मदुरै में है। पुलिस ने पुष्टि की है कि ऐसे और वीडियो मिले हैं जिनमें वह कुछ लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न करते हुए दिखाई दे रहा है। डीसीपी ने कहा कि अगर लोग शिकायत दर्ज कराते हैं तो उसके खिलाफ और मामले दर्ज किए जाएंगे।




