आपको बता दें की आप स्मार्ट सिटी के आइटीएमएस के कैमरों में कैद हो सकते हैं। इसके बाद आप पर कार्रवाई भी हो सकती है। दरअसल, स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर शहर की सड़कों, तिराहों-चौराहों को साफ रखने के लिए नगर निगम ने प्लानिंग की है। अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल बंद होने पर अक्सर लापरवाह लोग सड़कों व डिवाइडरों पर थूक देते हैं। इन्हें बार-बार साफ करना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता। यह दाग भी शहर की सुंदरता को खत्म कर देते हैं। लिहाजा यह योजना तैयार की जा रही है।

भोपाल (राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि): यदि आप पान-गुटखा खाने के शौकीन हैं और जहां-तहां थूकते भी रहते हैं तो अपनी इस आदत से बाज आ जाएं। अब राजधानी की सड़कों खासकर तिराहों व चौराहों पर थूकना आपको मंहगा पड़ सकता है।
स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों-तिराहों पर यातायात की निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए हैं। इनका उपयोग यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर कार्रवाई के लिए होता है। अत्याधुनिक तकनीक से गाड़ी के नंबर के आधार पर लोगों के घरों तक चालान भेजने का काम किया जा रहा है। इसी तकनीक की मदद अब नगर निगम शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए भी लेगा।
पता मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति के घर तक संबंधित वार्ड दरोगा व सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (एएचओ) पहुंचकर सबूत के साथ जुर्माना वसूली का काम करेंगे। निगम प्रशासन का मानना है कि ऐसी कवायत के बाद लोगों में जागरूकता भी जाएगी। हालांकि इस सख्ती से पहले निगम प्रशासन लोगों से चौराहों-तिराहों पर किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं करने की अपील करेगा। साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके बाद कैमरों के जरिए सख्ती शुरू की जाएगी।
निगम प्रशासन द्वारा सौदर्यीकरण का काम किया जाएगा। यदि बड़ा स्थान है तो पौधारोपण कर फेंसिंग की जाएगी, ताकि लोग वहां कचरा न डाल सकें। नगर निगम सार्वजनिक स्थानों में शामिल रहवासी, व्यवसायिक व अन्य क्षेत्रों में गंदगी और कचरा फेंकने वाले स्थानों को चिन्हित कर रहा है।