राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। भोपाल के गौतम नगर इलाके में 12वीं के स्टूडेंट ने फांसी लगा ली। सुसाइड नोट नहीं मिलने से घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली कि स्टूडेंट दो दिन से खाना नहीं खा रहा था। सुसाइड से पहले उसने पिता को बिगड़ा हुआ मोबाइल सुधारने के लिए कहा था। पिता ने अगले दिन मोबाइल सुधरवाने का आश्वासन दिया था। एएसआई मकसूद खान ने बताया कि जनता क्वार्टर में रहने वाला अभिनव राठौर पुत्र भगवान सिंह 12वीं में पढ़ता था। वह प्राइवेट एग्जाम दे रहा था। अभिनव परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। मां गृहणी हैं। पिता शेयर ब्रोकर के ऑफिस में नौकरी करते हैं। गुरुवार रात पिता ड्यूटी से घर पहुंचे। बेटे अभिनव ने कहा कि पापा मेरा मोबाइल सुधरवा दीजिए। पिता ने अगले दिन सुधरवाने की बात कही। इसके बाद अभिनव तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में चला गया। रात करीब 9 बजे पिता उसे देखने पहुंचे। अंदर से कमरा बंद मिला। उन्होंने आवाज दी लेकिन, दरवाजा नहीं खोला। इस पर भगवान सिंह ने दोस्त को बुलाया। दरवाजे के छेद से देखा, तो अभिनव फंदे पर लटका मिला। परिजन तुरंत ही दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतार कर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एएसआई मकसूद खान ने बताया कि परिजनों के बयान नहीं हो सके हैं।