राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। भोपाल के आसपास के किसानों से ठगी करने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया कि पिता-पुत्र की गैंग करीब 100 करोड़ रुपए की ठगी कर चुकी है। हालांकि, गैंग से पुलिस नकदी बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस ने पिता-पुत्र के 7 बैंक खाते फ्रीज कराए हैं। प्रारंभिक जानकारी में पुलिस को बैंक खाते में करीब 13 लाख रुपए जमा होने की जानकारी मिली है। गैंग किसानों को मछली पालन की फर्जी स्कीम बताकर अपनी कंपनी में निवेश करा ठगी करता था। पिता-पुत्र भोपाल समेत आसपास के जिलों के 64 किसानों के साथ ठगी की है। दोनों गुड़गांव की फिश फॉर्च्यून प्रोड्यूस कंपनी के लिए काम करते थे। यह कंपनी देश के छह राज्यों में 250 करोड़ रुपए की ठगी कर चुकी है। कंपनी के खिलाफ मध्य प्रदेश के भोपाल, राजगढ़, विदिशा, धार, सागर व छिंदवाड़ा में किसानों के साथ जालसाजी करने अपराध हैं , पुलिस के मुताबिक, द्वारिकादीश कॉलोनी, न्यू जेल रोड में रहने वाले प्रहलाद शर्मा व उसके बेटे शुभम शर्मा को कोहेफिजा इलाके ने गिरफ्तार किया है। प्रहलाद के खिलाफ जालसाजी के 10 जबकि उसके बेटे के खिलाफ 4 केस दर्ज हैं। दोनों 12वीं तक पढ़े हैं। दोनों ने पूछताछ में किसानों से ठगी करने की बात कबूली है। शुभम शर्मा ने बताया कि करीब 84 लाख रुपए उसने किसानों से ठगी की रकम अपने बैंक खाते में डलवाई है। मामले में गैंग के दो आरोपी कंपनी का संचालक गुड़गांव निवासी ब्रिजेन्द्र कश्यप, सहायक संचालक धमेन्द्र ठाकुर पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं।