भोपाल में मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए 10 हजार 143 आपत्तियां, घर-घर जाकर अधिकारी करेंगी जांच

जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान सात विधानसभा क्षेत्रों में अब तक मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए कुल 10 हजार 143 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इसके तहत फार्म सात जमा किए गए हैं। हाल ही में यह बात सामने आई थी कि कुछ लोग गलत जानकारी देकर नाम कटवाने के लिए फार्म सात जमा कर रहे हैं।
इसे देखते हुए अब सभी आपत्तियों का बीएलओ और एआरओ द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद ही नाम हटाने पर निर्णय लिया जाएगा।
दरअसल, विशेष रोल पर्यवेक्षक श्रुति सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआइआर की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, अपर कलेक्टर सुमित कुमार पांडेय, उप निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसआइआर के संबंध में जानकारी और सुझाव प्राप्त किए गए
विशेष रोल पर्यवेक्षक श्रुति सिंह ने बताया कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआइआर के संबंध में जानकारी और सुझाव प्राप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है और यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए निर्वाचन अधिकारी, कर्मचारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मिलकर नागरिकों को जागरूक करना होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 21 लाख 25 हजार 908 मतदाताओं की सूची फ्रीज की गई थी। एसआइआर के प्रथम चरण में दो हजार से अधिक बीएलओ द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से लिंक के आधार पर 16 लाख 87 हजार मतदाताओं का मिलान किया गया। इस दौरान एक लाख 16 हजार 925 मतदाताओं को नो-मैपिंग और 46 हजार 462 मतदाताओं को एएसडी सूची में दर्ज किया गया।
नाम जुड़वाने 80 हजार, संशोधन के लिए 47 हजार फार्म
उन्होंने बताया कि एसआइआर के द्वितीय चरण में नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के परीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। अब तक लगभग 32 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। 42 हजार से अधिक प्रकरणों की सुनवाई हो चुकी है और करीब 36 हजार मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।
द्वितीय चरण में फार्म-6, 7 और 8 के तहत जिले में अब तक नाम जुड़वाने के लिए 80 हजार 892 फार्म-6, संशोधन के लिए 47 हजार 493 फार्म-8 और नाम विलोपन के लिए 10 हजार 143 फार्म-7 प्राप्त हुए हैं।
इनका कहना है
कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि जिले में दावा-आपत्ति की सुनवाई चल रही है। अब तक 10 हजार से अधिक फार्म सात जमा किए गए हैं, जिनका बीएलओ और एआरओ द्वारा भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। किसी भी मतदाता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सत्यापन के बाद ही नाम हटाने पर फैसला लिया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्र अनुसार फार्म 6, 7 व 8
विधानसभा क्षेत्र | फार्म-6 | फार्म-7 | फार्म-8 | कुल
बैरसिया | 4,352 | 457 | 2,294 | 7,103
उत्तर | 10,773 | 407 | 5,789 | 16,969
नरेला | 16,757 | 4,963 | 7,643 | 29,363
दक्षिण-पश्चिम | 6,057 | 702 | 4,007 | 10,766
मध्य | 7,995 | 1,655 | 5,061 | 14,711
गोविंदपुरा | 19,800 | 1,078 | 10,962 | 31,840
हुजूर | 15,157 | 881 | 11,737 | 27,775
कुल | 80,892 | 10,143 | 47,493 | 1,38,528





