बिहार के नालंदा में बड़ा हादसा: शीतलाष्टमी मंदिर में भीड़ से आठ महिलाओं की मौत.

बिहार के नालंदा स्थित शीतलाष्टमी मंदिर में भारी भीड़ के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और छह से अधिक घायल हो गए। चैत्र के अंतिम मंगलवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। हादसे में महिलाओं सहित कई लोग प्रभावित हुए हैं।
हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है तथा स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।
हर साल उमड़ती है भारी भीड़
मघड़ा स्थित यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर है। शीतला अष्टमी पर यहां विशेष पूजा होती है। परंपरा के अनुसार इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को भोग लगाया जाता है। इसी कारण हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
भीड़ के कारण मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।





