बुरहानपुर में टीचर ने व्हाट्सएप स्टेटस पर डाला दसवीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर, कलेक्टर ने किया निलंबित

मंगलवार सुबह परीक्षा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्राथमिक शिक्षक द्वारा प्रश्न पत्र की फोटो सोशल मीडिया पर साझा करने की जानकारी सामने आई। सुबह करीब 9:35 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि तुकईथड़ में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक राजकुमारी सोनी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर परीक्षा से संबंधित फोटो लगाई है। एडीएम द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि शिक्षक ने सुबह 9:06 बजे अंग्रेजी के प्रश्न पत्र की फोटो स्टेटस पर डाली थी।
नकल कराने की नीयत से खींची गई फोटो
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हर्ष सिंह और जिला पंचायत सीईओ तुरंत तुकईथड़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। पूछताछ में शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने स्वीकार किया कि उसने छात्रों को नकल कराने के उद्देश्य से एक अनुपस्थित छात्र की टेबल से प्रश्न पत्र की फोटो खींची थी। यह फोटो उसने किसी अन्य व्यक्ति को भेजी थी ताकि पेपर हल कर छात्रों की मदद की जा सके। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को तुरंत केंद्र से बाहर कर दिया और केंद्राध्यक्ष को भी तत्काल बदल दिया गया।
पेपर लीक से प्रशासन का इनकार
इस घटना के बाद पेपर लीक की चर्चाएं तेज हो गईं, जिस पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। अधिकारियों के अनुसार, केंद्र पर मौजूद सभी 109 छात्र-छात्राओं को सुबह 8:40 बजे से पहले ही प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्न पत्र का वितरण निर्धारित समय पर हुआ। चूंकि शिक्षिका ने परीक्षा शुरू होने के बाद फोटो स्टेटस पर लगाई थी, इसलिए प्रशासन का दावा है कि प्रश्न पत्र किसी भी प्रकार से लीक नहीं हुआ है। परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराया गया।
शिक्षक और केंद्राध्यक्ष निलंबित, जांच जारी
कलेक्टर के निर्देश पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने और अनुचित गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण शिक्षिका राजकुमारी सोनी और केंद्राध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आरोपी शिक्षिका को पुलिस थाने भेज दिया गया है, जहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।





