चार साल बाद यश की बड़े पर्दे पर वापसी … ‘Toxic ’ का धमाकेदार टीजर रिलीज

साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में अगर किसी एक नाम को सबसे ऊपर रखा जा रहा है तो वह है सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’। करीब चार साल बाद यश बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं और फिल्म का नया टीजर सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया है।
टीजर ने बढ़ाया रोमांच
‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का लेटेस्ट टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। वीडियो की शुरुआत एक भव्य पार्टी सीन से होती है, जहां बैकग्राउंड में आवाज सुनाई देती है- “इस बार जंग अलग है।” इसके तुरंत बाद गोलीबारी का दृश्य माहौल को और तीव्र बना देता है। टीजर में सर्कस जैसा सेटअप और ईस्ट एशियन स्टाइल बैकड्रॉप दिखाई देता है, जहां कई गैंगस्टर नजर आते हैं। हर फ्रेम फिल्म के बड़े पैमाने और अलग टोन का संकेत देता है।
यश का अलग अंदाज
टीजर में यश का ट्रांसफॉर्मेशन खास ध्यान खींचता है। अलग-अलग सीन में वह कभी दुबले अवतार में दिखते हैं तो कभी मजबूत और सधे हुए योद्धा की तरह। सिर्फ लुक ही नहीं, उनकी बॉडी लैंग्वेज और संवाद अदायगी में भी बदलाव साफ दिखाई देता है, जो उनके पुराने किरदारों से अलग है।
मेकिंग और रिलीज डेट
टीजर के साथ मेकर्स ने चेतावनी दी है- “It’s gonna get crazyyyy।” फिल्म की कहानी यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है, जबकि निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। यह फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट की गई है और हिंदी, तेलुगु, तमिल तथा मलयालम में भी रिलीज होगी। ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





