राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि । चीनी कंपनियों के शेयर्स में आज भारी तेजी है। करीबन सभी स्टॉक 10-20% से ज्यादा बढ़े हैं। कुछ तो एक साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गए हैँ।
त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्री का शेयर आज 11% बढ़कर 250 रुपए पर पहुंच गया है। दिसंबर 2021 में इसका एक साल का ऊपरी स्तर 235 रुपए था। इसी तरह से बलरामपुर चीनी मिल्स का शेयर 10% अपर सर्किट के साथ 416 रुपए पर पहुंच गया है। इसका एक साल का हाई 398 रुपए 18 अक्टूबर 2021 में था।
धामपुर मिल्स, डालमिया भारत, अवध, द्वारिकेश, मवाना, उत्तम जैसी कंपनियों के भी शेयर 5 से 14% तक बढ़े हैं। क्रिसिल की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी मिल्स के बारे में अनुमान है कि रेवेन्यू और फायदा दोनों 2022 के सीजन में सुधरेंगे। चीनी का सीजन सितंबर से शुरू हो जाता है। इसी तरह चीनी की कीमतों के बारे में अनुमान है कि यह 16-17% इस सीजन में बढ़ जाएगी।
चीनी की औद्योगिक मांग बढ़ी है और एक्सपोर्ट भी बढ़ा है। इस वजह से इन कंपनियों के रेवेन्यू में 18-19% की ग्रोथ होने का अनुमान है। हालांकि गन्ने की लागत भी उत्तरी भारत में 8% और दक्षिणी भारत में 3% बढ़ने की संभावना है। डालमिया भारत के शेयर का दाम 11% बढ़कर 429 रुपए पर है।