hi Hindi en English pa Punjabi ur Urdu
State City Dropdown
लाइफस्टाइल

दीवाने हुए शहरवासी चिली ग्वावा और एवोकाडो फ्लेवर के …इंदौर में बदला आइसक्रीम का ट्रेंड

गर्मी का मौसम शुरू होते ही इंदौर में ठंडी चीजों की मांग बढ़ने लगती है। खासकर कुल्फी और आइसक्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई देती है। पहले जहां लोग मलाई, केसर-पिस्ता, चॉकलेट और स्ट्रॉबेरी जैसे पारंपरिक फ्लेवर तक ही सीमित रहते थे, वहीं अब शहर में कुल्फी और आइसक्रीम का ट्रेंड तेजी से बदल रहा है। अब सिर्फ मिठास ही नहीं, बल्कि नए प्रयोग, अलग स्वाद और हेल्दी विकल्प भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

इसी कारण शहर के कई आइसक्रीम पार्लर और कुल्फी आउटलेट्स ने अपने मेन्यू में नए और अनोखे फ्लेवर शामिल किए हैं। इस सीजन में एवोकाडो, ब्लूबेरी और चिली ग्वावा जैसे फ्लेवर खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। इसके अलावा ड्रैगन फ्रूट, कीवी और ग्रीन एप्पल जैसे फ्लेवर भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। आइसक्रीम पार्लर संचालकों का कहना है कि इंटरनेट मीडिया और फूड व्लॉग्स के कारण ग्राहकों को नए फ्लेवर के बारे में जानकारी मिलती है, जिससे वे अलग स्वाद ट्राय करना पसंद करते हैं।

फ्रेश फ्रूट के साथ तैयार हो रही आइसक्रीम

इस बार एवोकाडो फ्लेवर की आइसक्रीम और कुल्फी भी तैयार की जा रही है। एवोकाडो को हेल्दी फल माना जाता है और इसमें अच्छे फैट व पोषक तत्व होते हैं, इसलिए हेल्थ को ध्यान में रखने वाले लोग इसे पसंद कर रहे हैं। इसी तरह ब्लूबेरी फ्लेवर भी ट्रेंड में है, जिसका हल्का खट्टा-मीठा स्वाद गर्मी में ताजगी देता है। कई आइसक्रीम पार्लर में ब्लूबेरी चीज़केक आइसक्रीम और ब्लूबेरी कुल्फी भी बनाई जा रही है।

इसके साथ ही चिली ग्वावा फ्लेवर भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। इसमें अमरूद के स्वाद के साथ हल्की मिर्च और नमक का स्वाद मिलाया जाता है, जिससे इसका स्वाद चटपटा हो जाता है। इसे कुल्फी के रूप में भी तैयार किया जा रहा है।

परंपरागत कुल्फी में नए प्रयोग

शहर में पारंपरिक कुल्फी को भी अब नए अंदाज में पेश किया जा रहा है। पहले जहां कुल्फी सिर्फ स्टिक या मटका में मिलती थी, वहीं अब इसे अलग-अलग टॉपिंग और फ्लेवर के साथ परोसा जा रहा है। आइसक्रीम पार्लर संचालक रमेश उपाध्याय के अनुसार ड्राई फ्रूट, चॉकलेट सिरप, कारमेल और फ्रूट क्रश जैसी टॉपिंग से कुल्फी को नया लुक दिया जा रहा है।

कुल्फी फालूदा को भी नए तरीके से तैयार किया जा रहा है, जिसमें गुलाब सिरप, सेव और आइसक्रीम का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा आइसक्रीम के प्रेजेंटेशन पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। कई जगह आइसक्रीम के साथ वाफल, ब्राउनी और फ्रूट भी दिए जाते हैं, जिससे यह देखने में भी आकर्षक लगती है। कई युवा ऐसे डेजर्ट सिर्फ फोटो खींचकर इंटरनेट मीडिया पर साझा करने के लिए भी आर्डर करते हैं।

फलों से बनी आइसक्रीम की मांग

आइसक्रीम पार्लर संचालक विनोद तलरेजा के अनुसार बच्चों को ध्यान में रखते हुए भी खास तरह की आइसक्रीम तैयार की जा रही है। कई जगहों पर फलों से बनी आइसक्रीम बनाई जा रही है, जिससे स्वाद के साथ पोषण भी मिलता है। आम, केला, चीकू और स्ट्रॉबेरी जैसे फलों से बनी आइसक्रीम बच्चों को काफी पसंद आ रही है। कुछ दुकानों पर कार्टून शेप में आइसक्रीम भी बनाई जा रही है।

डायबिटीज मरीजों के लिए भी विकल्प

डायबिटीज के मरीजों और हेल्थ को ध्यान में रखने वाले लोगों के लिए भी खास विकल्प रखे जा रहे हैं। शुगर-फ्री आइसक्रीम और कम शुगर वाली आइसक्रीम भी दुकानों पर उपलब्ध है। कुछ जगहों पर गुड़ या खजूर से बनी आइसक्रीम भी तैयार की जा रही है, जिससे स्वाद के साथ मिठास भी संतुलित रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × 2 =

Back to top button