राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। ग्वालियर में दूल्हे पर रेप का केस दर्ज होने के बाद वह बारात छोड़कर फरार हो गया। आरोपी 4 साल से एक लड़की के साथ लिव-इन में रह रहा था, लेकिन शादी दूसरी लड़की से करने जा रहा था। ये शादी सोमवार 2 मई को होना थी। इस बात का पता चलते ही गर्लफ्रेंड ने उसके खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया । जिसके बाद गिरफ्तारी के डर से दूल्हा की बारात मंडप पर ही नहीं पहुंची। इसके बाद शादी कैंसिल कर दी गई। इधर, वधू पक्ष ने भी दूल्हे के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है। दुल्हन के भाई मुकेश ने बताया कि वह बहन के लिए रिश्ता देख रहे थे। हिमांशु रावत को पहली बार फेसबुक पर देखा था। फोटो से अच्छा लगा तो उससे बात की। मुकेश ने पिता को हिमांशु के घर धौलपुर भेजा। खुद भी गुरुग्राम जाकर उससे मिला। मुकेश ने बताया कि शादी से पहले दहेज के 7 लाख रुपए हिमांशु के परिवार को एडवांस दे चुके हैं। 2 मई को शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। जब शाम को बारात के बारे में पूछा, तो मामले का पता लगा। 12 से 15 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। CSP विजय भदौरिया का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। 2 मई को उसकी शादी थी, लेकिन मामला दर्ज होने के बाद आरोपी बारात लेकर नहीं आया। गर्लफ्रेंड को धोखा देकर कर रहा था शादी, जब दूल्हे की गर्लफ्रेंड को इस बारे में पता चला, तो वह इंदरगंज थाना पहुंची। यहां हिमांशु के खिलाफ रेप का केस दर्ज करवा दिया। दूल्हे को जैसे ही रेप के केस का पता चला, वह धौलपुर से बारात लेकर ग्वालियर ही नहीं पहुंचा। इसके बाद वधू पक्ष के घर हंगामा मच गया। वधू पक्ष ने शादी कैंसिल होने का बैनर लगा दिया। साथ ही वर पक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत भी कंपू थाने में की है।