राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, जबलपुर। दीपावली के पहले लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं और लोग सजावट के साथ पटाखों आदि की खरीद में व्यस्त हैं। त्योहारी माहौल में उत्साह से लबरेज लोग महंगाई को पीछे छोड़ खुशी से खरीदारी कर रहे हैं। बाजार सजे हुए हैं। लोग भी पूछपरख के बाद चीजे खरीद रहे हैं। हालांकि रंगोली के बाजार में अभी पूछपरख कम है। लेकिन दीपोत्सव के पांच दिन यहां भीड़ देखते ही बनती है। लड़कियों और महिलाओं में रंगोली का काफी क्रेज देखा जाता है। इस हिसाब से लार्डगंज और गंजीपुरा के आसपास रंगोली की छोटी-बड़ी सभी तरह की दुकाने सज गई हैं। वहीं कुछ दुकाने सिविक सेंटर में रंग-बिरंगी रंगोली के साथ सजी हुई हैं। धनतेरस की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, सभी वर्ग के लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह देखा जा सकता है। पटाखे में हर साल तेजी रहती है लेकिन बावजूद इसके लोग जमकर आतिशबाजी का लुत्फ उठाते हैं। इस तरह कहा जा सकता है कि दीपावली के बाजार महंगाई से बेअसर हैं। अब तो लोग मुंह की मिठास के लिए डिब्बा बंद मिठाई की ओर रुख कर रहे हैं। पहले स्थानीय मिठाई बनाने वालों पर ही ग्राहकों को निर्भर रहना पड़ता था, पर ऐसा भी नहीं है कि लोकल दुकानदारों की पूछपरख कम हो गई।