दर्दनाक हादसा, इंदौर-बैतूल हाईवे पर पलटा ट्राला; चपेट में आए एक युवक की मौत, तीन भाई गंभीर घायल

इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कलवार घाट पर मंगलवार देर रात करीब 3 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। घाट पर अनियंत्रित होकर लोहे की प्लेटों से भरा हुआ एक ट्राला पलट गया, जिसमें चार युवक घायल हो गए। इनको गंभीर हालत में कन्नौद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य का इलाज किया गया। ये हरदा जिले के निवासी सगे भाई बताए जा रहे हैं।
कन्नौद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायलों के नाम गोविंद, सुनील और अनिल निवासी जिला हरदा हैं। यह इंदौर की ओर से आ रहे ट्राले में ही सवार थे। ट्राले का चालक की मौत होने की संभावना है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के दौरान क्या कोई मौके से इधर-उधर गया था या ट्राले में चार ही लोग सवार थे।
वाहन चालकों व अन्य लोगों की मदद से घायल निकाले गए..
हादसे की सूचना के बाद कन्नौद थाना प्रभारी तहजीब काजी टीम सहित मौके पर पहुंचे थे। यहां लोहे की बड़ी प्लेटों के नीचे चारों युवक दबे हुए थे। पुलिस के द्वारा व आसपास से निकल रहे वाहन चालकों की मदद से मशक्कत के बाद इनको बाहर निकालकर अस्पताल रवाना किया गया। हादसे के कारण मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।




