ई-रिक्शा में बैठी महिला ने नाटक कर लूटा…बाजार पहुंचने पर खुला राज, FIR हुई दर्ज

पुलिसकर्मी के भाई की पत्नी के साथ दिनदहाड़े ठगी का मामला सामने आया है। महिला अपनी जेठानी और बहन के साथ सराफा बाजार जा रही थी। तभी पड़ाव क्षेत्र में ई-रिक्शा में मुंह बांधकर एक महिला बैठी। उसने अचानक चक्कर आने का नाटक किया और इनसे कहा- देखो किला घूम रहा है।
महिलाएं इसे संभालने लगीं और ऊपर देखने लगी तभी मौका पाकर शातिर महिला ठग ने पर्स की चेन खोलकर इसमें से हीरे की दो अंगूठियां निकाल लीं। फिर आगे जाकर उतर गई।
अंगूठी सही कराने जा रही थीं महिलाएं
इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे, जिसमें महिला ठग नजर आई है। चेहरा स्पष्ट नहीं है। सेवानगर की रहने वालीं छाया पत्नी उमेश यादव अपनी जेठानी सुधा यादव और बहन विनय यादव के साथ सराफा बाजार जा रही थीं। उन्हें अंगूठी छोटी करानी थी। नाप के लिए एक दूसरी अंगूठी साथ में ले गईं। दोनों अंगूठियां हीरे की हैं।
चक्कर आने का नाटक और पर्स से चोरी
तीनों महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हुईं। रास्ते में सफेद सलवार सूट पहने हुए एक महिला ई-रिक्शा में बैठी। वह मुंह पर कपड़ा बांधी हुई थी। करीब 500 मीटर ही गाड़ी आगे बढ़ी थी। इसने चक्कर आने का नाटक किया और इसी दौरान पर्स खोलकर हीरे की अंगूठी चोरी कर ली। इन्हें भनक तक नहीं लगी। जब सराफा बाजार पहुंचीं तब बैग में से अंगूठियां गायब थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पड़ाव थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।



