ईरान में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन; सड़कों पर उतरे हजारों लोग,तीन साल में सबसे बड़ा प्रदर्शन

ईरान में बढ़ती महंगाई और मुद्रा संकट के खिलाफ सोमवार को हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। यह पिछले तीन साल में सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया जा रहा है। इस बीच सेंट्रल बैंक के प्रमुख मोहम्मद रजा फरजिन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

राजधानी तेहरान के सादी स्ट्रीट और ग्रैंड बाजार इलाके में व्यापारियों और दुकानदारों ने प्रदर्शन किया। कई जगहों पर दुकानें बंद रहीं, जिससे कारोबार ठप हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, इस्फहान, शिराज और मशहद जैसे बड़े शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए।
प्रदर्शन उस वक्त तेज हुए जब ईरान की मुद्रा रियाल डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। इससे खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा के सामान की कीमतें और बढ़ गईं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर में महंगाई दर 42 फीसदी से ज्यादा रही, जबकि खाने की चीजों की कीमतें 70 फीसदी से अधिक बढ़ चुकी हैं।
ये प्रदर्शन 2022 के बाद सबसे बड़े माने जा रहे हैं। उस समय 22 साल की महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद पूरे देश में आंदोलन भड़क गया था। उन्हें हिजाब ठीक से न पहनने के आरोप में मोरैलिटी पुलिस ने पकड़ा था।
सोमवार को तेहरान के कुछ इलाकों में हालात काबू से बाहर होने पर पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को हटाया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।




