एलोवेरा से बनाएं नेचुरल कंडीशनर, बाल होंगे मजबूत और शाइनी

आजकल लगभग हर कोई शैंपू के बाद कंडीशनर का इस्तेमाल करता है ताकि बाल मुलायम, सिल्की और शाइनी बने रहें।
लेकिन बाजार में मिलने वाले कंडीशनर काफी महंगे होते हैं और इनमें मौजूद केमिकल लंबे समय में बालों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। ऐसे में अगर आप चाहें तो घर पर ही नैचुरल कंडीशनर तैयार कर सकते हैं, जो सस्ता भी है और असरदार भी।
कंडीशनर क्यों है जरूरी?
शैंपू के बाद कंडीशनर लगाने से बालों की नमी बरकरार रहती है। इससे रूखे और फ्रिज़ी बाल स्मूद होते हैं, टूटना कम होता है और बालों में नैचुरल शाइन आती है।
केमिकल प्रोडक्ट से हो सकता है नुकसान
बाजार के कई कंडीशनर में पैराबेन, सल्फेट और अन्य केमिकल पाए जाते हैं, जो बालों को ड्राई और कमजोर बना सकते हैं। बार-बार इस्तेमाल से स्कैल्प पर भी बुरा असर पड़ सकता है।
मरियम का एलोवेरा हेयर कंडीशनर
पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर मरियम ने अपने सोशल मीडिया पर एलोवेरा से बना एक आसान घरेलू कंडीशनर शेयर किया है। यह खासतौर पर रूखे, बेजान और डैमेज बालों के लिए फायदेमंद बताया गया है।
इन चीजों की होगी जरूरत
3-4 बड़े चम्मच ताजा एलोवेरा जेल (पौधे से निकाला हुआ बेहतर)
1-2 चम्मच वर्जिन नारियल तेल
1 चम्मच शहद (वैकल्पिक)
4-5 बूंदें विटामिन E ऑयल या 1 कैप्सूल (वैकल्पिक)
बनाने का तरीका
सबसे पहले एलोवेरा की हरी परत हटाकर अंदर का जेल निकाल लें। इसे ब्लेंडर में डालकर स्मूद पेस्ट बना लें। अब इसमें हल्का गर्म किया हुआ नारियल तेल मिलाएं। चाहें तो शहद और विटामिन E भी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। जरूरत हो तो थोड़ा गुनगुना पानी मिलाकर मिश्रण को हल्का गाढ़ा बना लें। आपका नेचुरल कंडीशनर तैयार है।
इस्तेमाल कैसे करें
बाल धोने के बाद गीले बालों की लंबाई में इस कंडीशनर को लगाएं। 5-10 मिनट तक छोड़ दें और फिर साफ पानी से धो लें। हफ्ते में 2-3 बार इस्तेमाल करने से बाल मुलायम और चमकदार दिखेंगे। यह घरेलू नुस्खा न सिर्फ आपके पैसे बचाएगा, बल्कि बालों को केमिकल से होने वाले नुकसान से भी बचाएगा।





