राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाडी’ सेंसर बोर्ड से पास हो गई है। हालांकि यूए सर्टिफिकेट देने के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने फिल्म के कुछ सीन्स को हटवा दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड ने फिल्म में 4 मॉडिफिकेशन और 2 सीन्स को फिल्म से हटवाया है। इसके साथ ही दो डायलॉग्स में भी बदलाव करवाए हैं। फिल्म में एक सीन ऐसा भी था जिसमें भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू गंगूबाई के बालों में गुलाब लगा रहे थे। सेंसर बोर्ड ने इस सीन को भी मॉडीफाय करवाया है। संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाडी’ असल कहानी पर आधारित है। यह कहानी ‘माफिया क्वीन ऑफ मुंबई’ नामक किताब से उठाई गई है। इस फिल्म में काठियावाडी की एक साधारण लड़की के गंगूबाई बनने तक का सफर दिखाया गया है। संजय लीला की फिल्म में अभिनेत्री आलिया भट्ट के अलावा अभिनेता अजय देवगन और विजय राज भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 25 फरवरी, 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा आलिया भट्ट की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’, ‘डार्लिंग्स’, ‘आरआरआर’ और ‘ब्रह्मास्त्र’ भी रिलीज होने के लिए तैयार है।