राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को मिशन गगनयान को लेकर एक अपडेट शेयर किया है। इसरो ने कहा कि इसकी टीवी-डी1 टेस्ट फ्लाइट शनिवार सुबह के लिए निर्धारित की गई है।
इसरो ने एक्स प्लेटफॉर्म (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि, “टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान 21 अक्टूबर 2023 को सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच एसडीएससी-एसएचएआर श्रीहरिकोटा से शेड्यूल की गई है। इसके बाद तीन और टेस्ट फ्लाइट भेजी जाएंगी। जिसकी जानकारी ISRO के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने शनिवार को दी थी।
21 अक्टूबर को पहली टेस्ट व्हीकल डेवलपमेंट फ्लाइट (TV-D1) के बाद हमने D2, D3 और D4 की प्लानिंग की गई है। इस टेस्ट में क्रू मॉड्यूल को आउटर स्पेस में लॉन्च करना, पृथ्वी पर वापस लाना और बंगाल की खाड़ी में टचडाउन के बाद इसे रिकवर करना शामिल है। क्रू मॉड्यूल गगनयान मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों को आउटर स्पेस में ले जाएगा।
इसरो के अनुसार, क्रू मॉड्यूल (सीएम) वह जगह है जहां गगनयान मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों को दबाव वाली पृथ्वी जैसी वायुमंडलीय स्थिति में रखा जाता है। इसरो ने अगले साल की शुरुआत में गगनयान मिशन का पहला अनमैन्ड मिशन प्लान किया है। अनमैन्ड मिशन के सफल होने के बाद मैन्ड मिशन होगा, जिसमें इंसान स्पेस में जाएंगे।
वहीं दूसरी ओर गगनयान मिशन के लिए, जिन चार अंतरिक्ष यात्रियों का चयन किया गया है। वे बेंगलुरु में अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण सुविधा में चालक दल प्रशिक्षण और गगनयान मिशन-विशिष्ट प्रशिक्षण से गुजर रहे हैं।
बता दें कि गगनयान मिशन में 3 दिनों के लिए 3 सदस्यों के दल को 400 KM ऊपर पृथ्वी की कक्षा में भेजा जाएगा। इसके बाद क्रू मॉड्यूल को सुरक्षित रूप से समुद्र में लैंड कराया जाएगा। अगर भारत अपने मिशन में कामयाब रहा तो वो ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। अभी तक यह उपलब्धि सिर्फ अमेरिका, रूस और चीन हासिल कर पाए हैं।