
गुजरात के आणंद जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टेंपो के ट्रक से टकराने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा तारापुर-बगोदरा स्टेट हाईवे पर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। मृतकों में एक 5 साल का बच्चा, दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। तारापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मयूर शर्मा ने बताया कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, टेंपो में सवार लोग दाहोद से मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए तारापुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।





