राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि । शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी दिन आज भारी गिरावट है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 940 पॉइंट्स गिर कर 57,985 पर पहुंच गया है। IT कंपनियों के स्टॉक ज्यादा टूटे हैं।
बाजार की गिरावट का प्रमुख कारण अमेरिका में महंगाई दर 40 साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। साथ ही अमेरिकी सेंट्रल बैंक मार्च से ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी करेगा। तीसरी बात, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने नागरिकों से यूक्रेन को तुरंत छोड़ने को कहा है। इससे आशंका है कि रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई कभी भी हो सकती है।
अनुमान है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक दरों में आधा पर्सेंट की बढ़त कर सकता है। जुलाई तक रेट में एक पर्सेंट की बढ़त की उम्मीद है। विदेशी निवेशकों के पसंदीदा आईटी और फाइनेंशियल स्टॉक्स में बिकवाली ज्यादा है। ब्रोकरेज हाउस नोमुरा ने कहा है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक इस साल में 4-5 बार दरों को बढ़ा सकता है।
अडाणी विल्मर का शेयर आज भी 5% ऊपर है। 3 दिनों में यह 75% बढ़कर 398 रुपए पर पहुंच गया है। इश्यू में इसका भाव 230 रुपए तय किया गया था। लिस्टिंग में इसने घाटा दिया था।
आज सेंसेक्स 479 अंक नीचे 58,447 पर खुला था। पहले घंटे में इसने इसी लेवल का ऊपरी और 58,221 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से केवल एक शेयर बढ़त में है जबकि बाकी 29 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले में सिर्फ नेस्ले है। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टेक महिंद्रा, विप्रो, इंफोसिस, HCL टेक 2-2% से ज्यादा गिरे हैं।
HDFC लिमिटेड, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, TCS और अल्ट्राटेक के शेयर्स 1-1% से अधिक गिरे हैं। इनके अलावा टाइटन, HDFC बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डॉ. रेड्डी, SBI, एयरटेल, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स और इंडसइंड बैंक भी गिरावट में हैं।