इस सीजन में 3 किलोग्राम का एक ‘नूरजहाँ’ आम ₹3500 में बिका
इस अफगानी नस्ल के आमों की सुरक्षा में 10 गार्ड तैनात

राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, इंदौर। अपने असाधारण आकार और बेमिसाल स्वाद के लिए देश-विदेश में मशहूर ‘नूरजहाँ’ आम की मांग इस सीज़न में आसमान छू रही है। बाज़ार में इस आम ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है, जहां तीन किलोग्राम वजन का एक अकेला ‘नूरजहाँ’ आम 3500 रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर बिका है। आम की इस अनोखी खेप को खरीदने के लिए शौकीनों के बीच होड़ मची हुई है। स्थानीय किसान शिवराज जादव और भारतसिंह जादव ने बताया कि मौसम और अन्य कारणों से इस बार बगीचों में नूरजहाँ का उत्पादन काफी सीमित हुआ है। पैदावार कम होने के बावजूद इसके दीवानों में कोई कमी नहीं आई है। मध्य प्रदेश के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों के आम प्रेमियों ने फसल तैयार होने से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग करा ली थी।
नूरजहाँ’ आम जितना कीमती है, इसकी सुरक्षा भी उतनी ही कड़ाई से की जा रही है। बगीचे में पेड़ों पर लटके इन बेशकीमती फलों को चोरी और नुकसान से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसानों ने फसल की चौबीसों घंटे निगरानी के लिए 10 लट्ठधारी सुरक्षा गार्ड तैनात किए हैं, जो बगीचे की कड़ी रखवाली कर रहे हैं।





