राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि । जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में बुधवार को सेना का एक जवान शहीद हो गया। जोधपुर जिले के खेजड़ला निवासी 23 साल का लक्ष्मण सीमा पर दुश्मनों का बहादुरी के साथ मुकाबला करते हुए घायल हो गया। उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें बचाया नहीं जा सका।
खेजड़ला में अपने लाडले लक्ष्मण के शहीद होने की खबर मिलते ही शोक छा गया। शहीद के सम्मान में गांव का बाजार पूरी तरह से बंद है। उसके परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई व बहन है। उनके पिता खेती से जुड़े हैं। लक्ष्मण की दो माह बाद शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थी। अगले माह के अंत तक लक्ष्मण छुट्टी पर आने वाले थे। वे पांच साल पहले सेना में भर्ती हुए थे।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के सुंदरबानी सेक्टर में गोलीबारी शुरू कर दी। दुश्मन की गोलीबारी का हमारे जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में लक्ष्मण गंभीर रूप से जख्मी हो गए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
प्रवक्ता ने कहा सिपाही लक्ष्मण एक बहादुर, बेहद प्रेरित और संजीदा सैनिक थे। राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए हमेशा उनका ऋणी रहेगा। इस साल नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन किए जाने की घटना में राजस्थान के जोधपुर निवासी सिपाही लक्ष्मण शहीद होने वाले चौथे जवान हैं। इससे पहले, जनवरी में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलीबारी में सेना के तीन जवान शहीद हो गए थे।
गोली लगने के थोड़ी देर पहले घर पर की थी बात
लक्ष्मण का परिवार अपने लाडले बेटे की शादी की तैयारी में जुटा था। दो माह पूर्व छुट्टी आए लक्ष्मण ने अपने घर का निर्माण कार्य शुरू कराया था। वह अभी चल रहा है। ऐसे में कल सुबह उसने घर पर फोन कर अपनी मां से काफी देर बात कर मकान निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। साथ ही उसने अपने सभी परिजनों के हालचाल पूछे। इसके बाद उसने वहां काम कर रहे अपने दोस्त से मकान निर्माण में तेजी लाने को कहा। लक्ष्मण अपनी शादी से पहले मकान निर्माण पूरा करना चाहता था। दोस्त के साथ उसने अपने कुछ पुराने दोस्तों को भी याद किया। लक्ष्मण के रिश्ते में भाई ने बताया कि परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। लक्ष्मण की प्रेरणा से उसका छोटा भाई भी फौज में शामिल होने की तैयारी में जुटा हुआ है।