भोपाल राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि | पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश के 30 हजार से अधिक शासकीय स्कूलों में चयनित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग की है।इसके लिए कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज को पत्र लिखा है।उन्होंने कहा कि इन पदों पर भर्ती की सारी प्रक्रियाऐं कांग्रेस सरकार ने पूरी कर ली थी।
इसमें अंतिम चरण में मात्र दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना था लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद इस प्रक्रिया को पूरी न करने के कारण प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।सरकार गिराने के चलते अधूरा रह गया था कामकमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस संबंध में लिखे पत्र में कहा कि वर्ष 2011 के बाद से प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती नहीं की गई थी।
इसके कारण कई शासकीय स्कूल शिक्षक विहीन थे। इस कमी को दूर करने और शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए प्रदेश के 19 हजार से अधिक उच्चतर माध्यमिक एवं 11 हजार से अधिक माध्यमिक शालाओं में शिक्षकों की नियुक्ति होना थी। कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान इन पदों पर भर्ती की सभी औपचारिकताऐं पूरी कर लीं थी। अंतिम चरण में दस्तावेजों का सत्यापन किया जाना था, जो कि भाजपा द्वारा कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराने के कारण पूरा न हो सका।