मध्यप्रदेश
किसान से मांगी थी रिश्वत …मुरैना में राजस्व निरीक्षक 1 हजार रुपये लेते लोकायुक्त टीम ने रंगेहाथ पकड़ा.

मुरैना तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक राकेश जैन को ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने एक हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी आरआई गोपियापूरा निवासी किसान संतोष कुशवाहा से रिश्वत ले रहा था। किसान अपने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने तहसील कार्यालय पहुंचा था, जहां आरआई ने काम करने के एवज में दो हजार रुपये की मांग की।
किसान ने पहले एक हजार रुपये दिए, लेकिन शेष राशि की मांग जारी रहने पर उसने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार किसान ने बुधवार को आरआई को एक हजार रुपये दिए, तभी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





