राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि । क्या नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है, इस सवाल का जवाब अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। वहीं टि्वटर पर INC पंजाब के पेज पर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर एक्टिव दिखाए गए हैं। गत दो दिनों में वहां लगातार नवजोत सिंह सिद्धू के नाम से पोस्ट डाली जा रही हैं। लेकिन इसमें खास यह है कि नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रधान दिखाया जा रहा है और उनके द्वारा लखीमपुर में किए गए प्रयासों को भी उनके नाम से ही पोस्ट किया जा रहा है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच की दूरियां कम हो रही हैं। वहीं INC पंजाब के पेज पर नवजोत सिंह सिद्धू को प्रधान दिखाया जाना भी स्पष्ट कर रहा है कि हाईकमान ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया है और सिद्धू भी इसे लेकर खुश हैं।
गौरतलब है कि INC पंजाब कांग्रेस का ऑफिशियल पेज है। जिस पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस के हो रही गतिविधियां दर्शाई जाती हैं। चरणजीत सिंह चन्नी के सीएम बनने के बाद से इस पर उनके कायर्क्रम ही अधिकतर बताए जाते थे। नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद से इस पर उनके कुछ ट्वीट को री-ट्वीट तो किया गया, लेकिन सिद्धू को कभी पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रधान नहीं बताया गया। इतना ही नहीं प्रियंका गांधी को नजर बंद किए जाने के विरोध में नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से चार दिन पहले चंडीगढ़ में धरना दिया गया था।
अब पंजाब कांग्रेस के ट्विटर एकाउंट INC पंजाब पर लगातार नवजोत सिंह सिद्धू की पोस्ट डाली जा रही हैं।