राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि, रतलाम। पावर हाउस रोड स्थित लहसुन नीलाम मंडी में लहसुन और महू रोड स्थित अनाज मंडी में गेहूं की आवक दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। मंगलवार को भी दोनों मंडियों में आवक बढ़ने से किसानों के उपज भरे वाहन मंडी के बाहर वाहन खड़े करना पड़े। इससे महू रोड व पावर हाउस रोड पर जाम की स्थिति बन गई। लहसुन नीलाम मंडी में सोमवार को लहसुन के 9065 कट्टों पचास किलो प्रति कट्टा की आवक हुई थी। इसमें से करीब सवा दो सौ कट्टे नीलाम होने से रह गए थे। उन्हें मंगलवार सुबह पहले नीलाम किया गया। वहीं मंगलवार को एक हजार से अधिक कट्टों की आवक हुई और करीब 200 कट्टे नीलाम होने से रह गए। दोपहर से किसान वाहनों में लहसुन लाना प्रारंभ कर देते हैं। रात नौ बजे तक कई ट्रैक्टर-ट्राली पावर हाउस रोड पर खड़ी थी। इसके चलते जाम की स्थिति बनती रही। व्यापारियों द्वारा खरीदा गया लहसुन शाम को लोड कर गोदामों व बाहर भेजना शुरू किया गया। इसके बाद जगह होने पर वाहनों को अंदर लेना शुरू किया गया। आवक बढ़ने के साथ ही लहसुन के दामों में गिरावट आ रही है। एक माह पहले अधिकतम 34 हजार रुपये क्विंटल तक बिकने वाला लहसुन अब 13 से 14 हजार रुपये क्विंटल बिक रहा है। लहसुन 23 फरवरी को जहां अधिकतम 20 हजार रुपये किलो बिका था, वहीं 26 फरवरी को 14350 रुपये क्विंटल बिका। वहीं मंगलवार को आवक बढ़ने से 13900 रुपये क्विंटल लहसुन बिका। उधर, गेहूं की आवक तो बढ़ रही है, लेकिन दामों में स्थिरता बनी हुई है।