कोरोना संक्रमण की स्थिति (उतार-चढ़ाव) पर भोपाल से नजर रखी जा रही है। प्रतिदिन चुनाव वाले 19 जिलों से संक्रमित प्रकरण और स्वस्थ होने वालों की रिपोर्ट ली जा रही है।

भोपाल (राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि): दरअसल, चुनाव आयोग ने इस बार विशेष इंतजाम करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मतदान केंद्रों में सैनिटाइजर, दस्ताने (ग्लव्स), मास्क, फेस शील्ड सहित अन्य जरूरी इंतजाम किए जाने हैं। उधर, हाल ही में रिक्त हुए राजगढ़ की ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में भी सहायक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। कोरोनाकाल में मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग काफी सतर्कता बरत रहा है।
इसमें यह देखा जा रहा है कि कोरोना पॉजिटिव प्रकरण बढ़ने की गति क्या है। स्वस्थ होने की दर के साथ होम आइसोलेशन में कितने लोग हैं।
इसके मद्देनजर कलेक्टरों से प्रतिदिन कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर रिपोर्ट ली जा रही है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि इस बार उपचुनाव विशेष परिस्थिति में होंगे। कोरोना संक्रमण की स्थिति देखकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
22 सितंबर की स्थिति में चुनाव क्षेत्र वाले जिलों में सर्वाधिक164 नए पॉजिटिव प्रकरण ग्वालियर में सामने आए हैं। यहां कुल पॉजिटिव प्रकरण 9,517 हो चुके हैं और 105 संक्रमितों की मृत्यु हुई है। इसमें प्रतिदिन हो रही जांच, नए पॉजिटिव प्रकरण, होम आइसोलेशन में रह रहे व्यक्तियों की संख्या और स्वस्थ होकर अस्पतालों से घर जाने वालों की जानकारी शामिल है।
हालांकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 7,419 है और सक्रिय प्रकरण 1,993 है। वहीं, मुरैना जिले की पांच विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होना है। यहां 2,478 पॉजिटिव मामले हैं। 19 संक्रमित व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 2,242 है।सक्रिय प्रकरण मात्र 217 रह गए हैं। अन्य जिलों में कोरोना के सक्रिय प्रकरण सीमित संख्या में हैं।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरुण तोमर ने बताया कि जिलों से कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर प्रतिवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि परिस्थितियों का आकलन हो सके। उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक तैयारियां की जा रही हैं।