‘मन की बात’ के 136वां एपिसोड: पीएम बोले- युवाओं ने देश का मान बढ़ाया
कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी

पीएम मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले कारगिल विजय दिवस का जिक्र करते हुए वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस ऐसी तारीख है, जिसे याद रखने के लिए दिन याद रखने की जरूरत नहीं होती।
पीएम ने देश के युवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा- हमारे युवा भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। साइंस ओलंपियाड दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र हिस्सा लेते हैं। इस महीने फिजिक्स , कैमेस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ के ओलंपियाड हुए। इनमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा- पिछले रविवार विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण था। हम सभी ने भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के इस ऐतिहासिक पल को देखा। यह प्राइवेट सेक्टर द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट है। हमारे युवा इनोवेटर्स ने वह कर दिखाया, जो कभी लगभग असंभव लगता था। उन्होंने अपने असाधारण कौशल, जुनून और धैर्य का परिचय दिया।
PM के ‘मन की बात’ की 10 बड़ी बातें
कारगिल विजय दिवस: पीएम ने कहा- यह ऐसी तारीख है, जिसे दिन याद रखे बिना भी याद रखा जाता है। कारगिल में जवानों ने हर चुनौती के बावजूद हार नहीं मानी। दिल्ली से द्रास तक शौर्य विजय यात्रा निकाली जा रही है।
INS महेंद्रगिरी और पिनाका: पीएम ने कहा- भारत रक्षा तकनीक में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी युद्धपोत INS महेंद्रगिरी नौसेना में शामिल हुआ और पिनाका मिसाइल का भी सफल लॉन्च हुआ।
कैच द रेन और जल संरक्षण: पीएम ने कहा कि जहां पानी गिरे, उसे वहीं रोकना चाहिए। मध्य प्रदेश में 4 हजार तालाब बने और कई राज्यों ने इस अभियान में हिस्सा लिया। आज बचाई गई पानी की हर बूंद भविष्य की पूंजी है।
कॉमनवेल्थ गेम्स और खिलाड़ियों की उपलब्धियां: मोदी ने कहा- ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने की अपील की। पीवी सिंधु के जापान ओपन जीतने और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की टेस्ट जीत का जिक्र किया।
विक्रम-1 और युवा इनोवेटर्स: पीएम ने कहा- विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण भारत के स्पेस सेक्टर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह निजी क्षेत्र का पहला रॉकेट है और युवाओं ने वह कर दिखाया, जो कभी असंभव लगता था।
साइंस ओलंपियाड: पीएम ने कहा- भारतीय छात्रों ने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: पीएम ने अहमदाबाद में एक घंटे में 3.5 लाख और यूपी में एक दिन में 35 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जाने का जिक्र किया। लोगों से प्रकृति संरक्षण में भागीदारी की अपील की।
प्लास्टिक मुक्त भारत: पीएम ने बिहार के सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से बेंच बनाने की पहल का उदाहरण दिया। गणेशोत्सव पर पीओपी और प्लास्टिक की बजाय मिट्टी की गणेश प्रतिमा अपनाने की अपील दोहराई।
लोकल प्रोडक्ट्स, हैंडलूम और खादी: पीएम ने कश्मीर की वागु चटाई, बिजनौर की हर्बल चाय, नेशनल हैंडलूम डे और खादी की बढ़ती बिक्री का जिक्र करते हुए लोकल उत्पाद खरीदने की अपील की।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और हर घर तिरंगा: पीएम मोदी ने कलाम को याद किया, गुरु पूर्णिमा और स्वतंत्रता दिवस का जिक्र करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।





