राष्ट्र आजकल प्रतिनिधि। देश के 14 राज्यों में रविवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। मध्य प्रदेश में देर शाम करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा इसके 8 राज्यों गुजरात, गोवा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में लू का असर रहा। इन राज्यों का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा 44.5 डिग्री तापमान आंध्र प्रदेश के नंदयाल में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन यानी 7 से 10 अप्रैल तक ओले-बारिश का दौर रहेगा। 30 से 60 Kmph तक की रफ्तार में आंधी चलने का अनुमान है। बिहार में आज लू नहीं चलेगी। यहां के 16 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
उधर, लद्दाख के चांग ला दर्रे में बर्फबारी के बीच फंसे महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 80 लोगों को सेना ने बचाया। सेना के लेह स्थित फायर एंड फ्यूरी कोर ने कहा कि आधी रात के ऑपरेशन को त्रिशूल डिवीजन के सैनिकों ने अंजाम दिया। लेह और श्योक नदी घाटी के बीच 17,688 फुट ऊंचे चांग ला दर्रे में यह ऑपरेशन चलाया गया।